वन मंत्री संजय शर्मा ने किया एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ राजस्थान सरकार पूरे प्रदेश में सात करोड़ पौधे लगाएगी - वन मंत्री



 भीलवाड़ा -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत राजस्थान सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में 7 करोड़ पौधे लगाएगी। यह बात राजस्थान सरकार में वन मंत्री संजय शर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान का शुभारंभ करते हुए कही। इस दौरान  सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा  जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा भी मौजूद रहे। 

जहा प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा ने भाजपा जिला कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण को लेकर सरकार सर्तक है ओर इस वर्ष ऋतु मे अधिक से अधिक पौधे लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पौधारोपण को लेकर जो वर्षा ऋतु में अभियान चलाया जाएगा इस सघन अभियान में शिक्षा विभाग, वन विभाग, पंचायत राज विभाग के साथ साथ प्रदेश की स्वयं सेवी संस्थाओं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की महत्वी भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए पेड़ों का बसना अति आवश्यक है। इस बार प्रदेश में जिस प्रकार गर्मी का वातावरण बना है उसने हम सभी को पेड़ पौधों के महत्व का अहसास कराया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर्यावरण संरक्षण को लेकर अत्यंत गंभीर है। प्रदेश में पेड़ पौधों की अवैध कटाई को भी वन विभाग के माध्यम से सख्ती से रोका जाएगा और नए पेड़ पौधों के रोपण में भी राज्य सरकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

इससे पूर्व प्रारंभ में वन मंत्री संजय शर्मा के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर सांसद दामोदर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत अभिनंदन किया।